रेलवे कुआं नंबर 3 के पास ढलान में भरा हुआ ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे विद्यालय की दीवार में घुसा

भास्कर न्यूज | बाड़मेर गेहूं रोड स्थित रेलवे कुआं नंबर तीन क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ढलान पर खड़ा एक ट्रक अचानक पीछे की ओर चल गया और सीधे राउमावि रेलवे कुंआ नंबर तीन स्कूल की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल की दीवार ढह गई। मंगलवार की सुबह रेलवे कुंआ नंबर तीन के आगे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान ढलान होने के कारण ट्रक अचानक पीछे की ओर अपने आप खिसकने लगा। चालक जब तक कुछ समझ पाता, ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे स्थित स्कूल की दीवार से जा भिड़ा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त स्कूल की दीवार के पास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जनहानि हो सकती थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मांग की है कि स्कूल के पास से इस अवैध बजरी को तुरंत हटाया जाए और ढलान वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों के अनियंत्रित खड़े होने पर रोक लगाई जाए। भारी वाहनों की आवाजाही से विद्यार्थियों को खतरा स्कूल के ठीक सामने भारी मात्रा में अवैध बजरी का स्टॉक किया हुआ है। स्कूल जैसी संवेदनशील जगह के सामने अवैध रूप से बजरी का स्टॉक करने के कारण यहां पर हर समय भारी वाहनों का आना जाना लगा रहता है। ऐसे में यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बजरी का डंपिंग यार्ड बना हुआ है, इससे आए दिन यातायात बाधित होता है और हादसे का डर बना रहता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *