जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन के तहत अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते नक्सलियों के 12 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही 2 आईईडी भी बरामद किए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ की 214वीं बटालियन ने एरिया डॉमिनेशन के दौरान पिल्लूर इलाके में पहुंची, जहां बड़े काकलेर और पुलगुंडम के पास अलग-अलग जगहों पर नक्सलियों के 7 स्मारकों को ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही सर्चिंग में स्मारकों के पास कॉर्डेक्स वायर के साथ 2 बॉटल आईईडी बरामद किए गए। बम निरोधक दस्ते ने दोनों आईईडी को विस्फोट कर नष्ट कर दिया। इसके अलावा गंगालूर क्षेत्र में सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन ने मल्लूर के जंगल में बने करीब 12 फीट ऊंचे नक्सली स्मारक को ध्वस्त किया। वहीं 222वीं बटालियन ने पालनार के पास 3 और पेद्दाकोरमा में 1 स्मारक को जमींदोज कर दिया। सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सली इन स्मारकों का उपयोग अपने कैडरों और ग्रामीणों में भय व दबाव बनाए रखने के साथ ही अपने प्रभाव वाले इलाकों को दर्शाने के लिए करते रहे हैं। ऐसे स्मारकों को ध्वस्त करते क्षेत्र को नक्सलियों के भय और आतंक के खिलाफ संदेश दिया जा रहा है।


