भास्कर न्यूज | बालोतरा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद की ओर से मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाया गया। नगर परिषद व प्रदूषण नियंत्रण मंडल की टीमों ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों व ठेला चालकों पर कार्रवाई करते हुए 51 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की तथा 1 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता ने बताया कि यह अभियान केंद्र सरकार की अधिसूचना के तहत 1 जुलाई 2022 से लागू सिंगल यूज प्लास्टिक के उत्पादन, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री व उपयोग पर प्रतिबंध की पालना में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों व विक्रेताओं को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने की हिदायत दी गई। शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। संयुक्त दल में नगर परिषद से सफाई निरीक्षक नाथाराम कलबी, कार्यवाहक जमादार बालकिशन, राजेश कुमार तथा प्रदूषण नियंत्रण मण्डल से कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता महेंद्र देवासी, कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी दलपतसिंह, रमेश कुमार, श्रवण गहलोत सहित टीम सदस्य मौजूद रहे।


