भास्कर न्यूज | बाड़मेर होम्योपैथिक डवलपमेंट एसोसिएशन (एचडीए) ने आगामी राजस्थान बजट 2026 में होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति को विशेष प्राथमिकता देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के बाड़मेर प्रतिनिधि डॉ. श्रवण सिंह राठौड़ एवं डॉ. देवकिशन ने बताया कि प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बजट में होम्योपैथिक चिकित्सा के लिए विशेष प्रावधान किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में प्रत्येक जिला मुख्यालय पर होम्योपैथिक चिकित्सालय स्थापित करने तथा एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी व चार मेडिकल ऑफिसर के पद सृजित करने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर होम्योपैथिक चिकित्सकों के पद सृजित कर डिस्पेंसरी संचालित करने की भी मांग की गई। डॉ. श्रवण सिंह राठौड़ ने कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा प्राकृतिक सिद्धांतों पर आधारित है और इससे शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने इसे कई जटिल रोगों में भी लाभकारी बताते हुए कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा को मुख्यधारा में लाना आवश्यक है।


