भीलवाड़ा | धोबी समाज सेवा संस्थान, भीलवाड़ा के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर लव गार्डन स्थित मंशापूर्ण महादेव मंदिर, धांधोलाई की पाल पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान एवं स्नेहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के हजारों लोगों ने भाग लेकर आपसी एकता और सामाजिक समरसता का परिचय दिया। संस्थान अध्यक्ष किशन दशलानिया ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 16 फरवरी की रात्रि को भजन संध्या और सत्संग से हुआ, जिसमें शिव भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। 17 फरवरी की सुबह 10.15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का महाअभिषेक और महाआरती संपन्न हुई। इसके बाद महादेव को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस आयोजन में महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के साथ एक सामाजिक संदेश भी दिया। स्नेहभोज के दौरान महिलाओं ने सभी आगंतुकों को थाली में जूठन न छोड़ने और अन्न की बर्बादी रोकने का संकल्प दिलाया। महिलाओं ने कहा कि अन्न का सम्मान करना ही सच्ची शिव भक्ति है। इस पहल की समाजजनों और अतिथियों ने सराहना की। दोपहर 12.15 बजे से सामूहिक स्नेहभोज का आयोजन हुआ।


