बालोतरा | कीटनोद ग्राम पंचायत इन दिनों स्वच्छता की मिसाल पेश कर रहा है। ग्राम विकास अधिकारी कमलेश आंजणा ने बताया कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब प्रत्येक नागरिक अपने घर, आंगन, दुकान और गली-मोहल्लों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सामूहिक सहभागिता का विषय है। यदि हर व्यक्ति अपने स्तर पर सहयोग करें तो गांव को आदर्श और मॉडल ग्राम बनाया जा सकता है। जनप्रतिनिधि नरेंद्रकरण सिंह के नेतृत्व में ग्राम पंचायत की ओर से नियमित सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई व सार्वजनिक स्थलों की देखरेख पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करने के लिए समय-समय पर बैठकों व जनजागरूकता अभियानों का आयोजन भी किया जा रहा है। ग्रामीणों का भी इस अभियान में सराहनीय सहयोग देखने को मिल रहा है। लोग स्वयं आगे आकर अपने घरों व दुकानों के बाहर सफाई रख रहे हैं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं।


