भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर नगर परिषद की ओर से मंगलवार को शहर के सार्वजनिक श्मशान घाट में दो घंटे का विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में स्वयंसेवकों, सामाजिक संस्थाओं और प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान झाड़ियां, कचरा और पॉलीथिन हटाई गई तथा स्वच्छ वातावरण बनाने का संकल्प लिया गया। नगर परिषद ने श्मशान घाट में सौंदर्यीकरण, पौधारोपण, टीन शेड, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास की भी जानकारी दी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर व प्रशासक राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि श्मशान घाट में अतिक्रमण हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं तथा नियमित सफाई कर्मी तैनात करने के लिए भी कहा गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि श्मशान घाट के विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों में नगर परिषद के साथ सक्रिय सहयोग करें। अभियान में नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी सहित शहर के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।


