कल से सजेगा सनातन मंगल महोत्सव

भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा शहर में 19 से 26 फरवरी तक होने वाला सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम बनेगा। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में होने वाले इस आयोजन में देशभर से सैकड़ों संत-महात्माओं का आगमन होगा। इसके साथ ही कई विशिष्ट अतिथियों के आने की भी संभावना है, जिससे पूरे शहर में कुम्भ जैसा वातावरण बनने की उम्मीद है। महोत्सव की श्रृंखला में मंगलवार को सेवा कार्यों की विधिवत शुरुआत की गई। इस दौरान अग्नि प्रवेश संपन्न हुआ तथा भंडारा कोठार सेवा का शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई और संतों के सानिध्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। महोत्सव अवधि में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की समुचित व्यवस्था रहेगी। आठ दिवसीय महोत्सव का आगाज 19 फरवरी को कलश यात्रा से होगा, जो संकटमोचन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर आश्रम परिसर तक पहुंचेगी। प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा, यज्ञ-हवन, गीता पाठ, रामचरितमानस पाठ, रामनाम संकीर्तन और रासलीला जैसे धार्मिक आयोजन होंगे। शाम को गंगा आरती का आयोजन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। महोत्सव का समापन 26 फरवरी को दीक्षा दान समारोह और संत समागम के साथ होगा, जिसमें दीक्षार्थियों को दीक्षा दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *