छत्तीसगढ़ बीजेपी ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े के भड़काऊ भाषण का एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें जांगड़े कलेक्ट्रेट ऑफिस में तोड़-फोड़ की बात कह रही हैं। ये वीडियो कांग्रेस के किसी प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम से जुड़ा हुआ है। इसमें उत्तरी जागंड़े युवाओं को ये कहते हुए दिखाई दे रही हैं। कि कलेक्ट्रेट के भीतर जाना है, केवल बाहर से ही नहीं आना है। हम सबको एक साथ जाकर तोड़-फोड़ कर आना है। बलौदा बाजार कैसा है ये तो आप जान ही रहे हैं। बीजेपी ने कहा – शांत फिजा में जहर घोल रही है कांग्रेस इस पोस्ट के साथ बीजेपी ने लिखा है कि प्रदेश में कांग्रेस किस तरह लोगों को भड़का रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े अपने भाषण में लोगों को कलेक्टर ऑफिस में तोड़-फोड़ करने के लिए उकसा रही है। क्या यही है कांग्रेस के संस्कार जो प्रदेश की शांत फिज़ा में जहर घोलने का काम कर रही है। यह भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली बार नहीं हैं और भी ऐसे बहुत सारे कुकृत्य कांग्रेस लगातार कर रही है। 4 दिन पहले सरकार के खिलाफ आंदोलन का है वीडियो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे प्रकरण दर्ज किए जाने और जनहित के मुद्दे को लेकर सारंगढ़ में कलेक्ट्रेट घेराव और धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। इसमें पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, सरायपाली विधायक चातुरी नंद , बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। यहीं मंच से उत्तरी जांगड़े के दिए गए बयान को बीजेपी ने पोस्ट किया है। विधायक बोली – मैं अस्पताल में हूं, बाद में बात करती हूं MLA उत्तरी जांगड़े के इस वायरल वीडियो को लेकर जब भास्कर रिपोर्टर ने उनसे बात करने की कोशिश की तब विधायक ने कहा कि वो इस समय अस्पताल में है और इस मसले पर बाद में बात करेंगी।


