भास्कर न्यूज | धमतरी महासमुंद सांसद और जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में 16 फरवरी को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में दिशा की बैठक हुई। जिसमें किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, केसीसी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना सहित विभिन्न कृषि योजनाओं की समीक्षा की गई।
मिट्टी परीक्षण कार्य में तेजी लाने तथा किसानों को समय पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नगरी-मगरलोड क्षेत्र में नारियल, औषधीय पौधों और पाम फसलों की खेती को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। फसल बीमा योजना के अंतर्गत दावा-क्षतिपूर्ति राशि का समय पर भुगतान तय करने के निर्देश दिए। दुग्ध उत्पादन और पशुधन विकास योजनाओं की समीक्षा कर दूध संग्रहण बढ़ाने, नई दुग्ध समितियों के गठन और गुणवत्ता जांच पर जोर दिया गया। दुग्ध क्रय दर 42 से 45 रुपए प्रति लीटर तक करने तथा नगरी क्षेत्र को दुग्ध व्यवसाय से जोड़ने का सुझाव भी आए। सांसद चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है, जो तभी साकार हो सकता है, जब शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मातृ-शिशु स्वास्थ्य, क्षय उन्मूलन, कुष्ठ उन्मूलन, अंधत्व निवारण एवं आयुष्मान योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। जनऔषधि केंद्रों में उपलब्ध सस्ती दवाओं के दाम और बाजार दर की तुलनात्मक जानकारी प्रदर्शित करने तथा आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, समग्र शिक्षा, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।


