त्योहार पर घर जाना आसान, बढ़े स्पेशल ट्रेनों के फेरे:16 डिब्बों के साथ दौड़ेगी उदयपुर–ऋषिकेश स्पेशल, चित्तौड़गढ़ के तीन स्टेशनों से गुजरती है

होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेलवे ने 1 जोड़ी स्पेशल रेल सेवाओं की संचालन अवधि बढ़ाने का फैसला किया है, ताकि यात्रियों को सफर में किसी तरह की परेशानी न हो। यह स्पेशल ट्रेनें उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा चलाई जा रही हैं और राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड जैसे राज्यों से होकर गुजरेंगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के समय ट्रेनों में काफी भीड़ हो जाती है, इसलिए यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाए गए हैं। इससे त्योहार पर घर जाने और वापस लौटने वाले लोगों को काफी फायदा मिलेगा और उन्हें लंबी वेटिंग या टिकट की दिक्कत का सामना कम करना पड़ेगा। उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09609, उदयपुर सिटी से योगनगरी ऋषिकेश के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 3 मार्च से 31 मार्च तक कुल 5 ट्रिप लगाएगी। यह ट्रेन हर मंगलवार को दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर उदयपुर सिटी से रवाना होगी और अगले दिन यानी बुधवार सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर ऋषिकेश पहुंचेगी। इसी तरह, वापसी में गाड़ी संख्या 09610, ऋषिकेश से उदयपुर सिटी के लिए 4 मार्च से 1 अप्रैल तक 5 ट्रिप करेगी। यह ट्रेन हर बुधवार शाम 5 बजकर 55 मिनट पर ऋषिकेश से चलेगी और गुरुवार दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इस तरह यात्रियों को आने-जाने दोनों ओर से सुविधा मिलेगी। चित्तौड़गढ़ जिले को भी मिलेगा सीधा लाभ यह स्पेशल ट्रेन चित्तौड़गढ़ जिले के तीन स्टेशनों भूपालसागर, कपासन और चित्तौड़गढ़ से होकर गुजरेगी, जिससे जिले के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा ट्रेन राणा प्रतापनगर, मावली, फतेहनगर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, मांडल, विजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट, दिल्ली, शामली, रामपुर मनिहारान, टपरी जंक्शन, रुड़की और हरिद्वार जैसे कई बड़े स्टेशनों पर रुकेगी। इससे राजस्थान से लेकर उत्तराखंड तक के यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक सफर मिलेगा। खास बात यह है कि यह ट्रेन धार्मिक दृष्टि से जरूरी हरिद्वार और ऋषिकेश तक जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को भी लाभ होगा। ट्रेन में 16 डिब्बे, हर वर्ग के लिए व्यवस्था इस स्पेशल रेल सेवा में कुल 16 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनॉमी, 5 सेकंड स्लीपर, 4 साधारण श्रेणी के डिब्बे, 1 पावर कार और 1 गार्ड डिब्बा शामिल है। यानी हर वर्ग के यात्रियों के लिए सीटों की व्यवस्था की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *