भीलवाड़ा में मंगलवार देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिनभर सामान्य रहे मौसम के बाद शाम को आसमान में काले बादल छा गए और ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया। देर रात तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली चमकी और शहर में बूंदाबांदी हुई, जिससे सड़कों पर पानी नजर आया। अचानक बदले मौसम ने लोगों को हल्की ठंड का अहसास करा दिया। देर रात तक चमकती रही बिजली, 11:30 बजे शुरू हुई रिमझिम प्रदेश में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर भीलवाड़ा में भी देखने को मिला। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी तेज हवाएं चलीं। रात करीब 11:30 बजे के बाद रिमझिम फुहार शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। तेज आवाज के साथ चमकती बिजली और बादलों की गड़गड़ाहट से लोग घरों में दुबके रहे। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे फरवरी में एक बार फिर हल्की सर्दी लौट आई है। आज भी बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के आसार मौसम विभाग के अनुसार 17 फरवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से 18 फरवरी को भी भीलवाड़ा सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने 17 और 18 फरवरी को ठंडी हवाओं और बारिश को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था। ऐसे में बुधवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। पारे में उतार-चढ़ाव जारी, शुक्रवार से बढ़ेगी गर्मी बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को भीलवाड़ा का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने का अनुमान है। गुरुवार को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बने रहने की संभावना है। हालांकि शुक्रवार से मौसम में फिर बदलाव होगा और पारा चढ़ने के साथ गर्मी का असर बढ़ना शुरू हो जाएगा। फिलहाल, बदले मौसम ने शहरवासियों को हल्की राहत जरूर दी है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ने के संकेत हैं।


