डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र चौक के पास मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक कार और बाइक की टक्कर हो गई। अपनी कार से अधिवक्ता हाईकोर्ट जा रहे थे। जैसे ही वे राजेंद्र चौक के पास कार से मेकन चौक की ओर दाहिने मुड़ रहे थे, उसी दौरान हिंदपीढ़ी निवासी युवक की बाइक कार से टकरा गई। हालांकि इसमें किसी को कोई चोट नहीं आई। इसके बाद युवक ने बाइक की मरम्मत के लिए मनोज से मुआवजा मांगा और लेने के लिए अड़ गया। इसको लेकर विवाद बढ़ गया। इधर, ट्रैफिक पुलिस ने भी इस घटना की वायरलेस पर जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस अधिकारी कार चालक के घर पहुंच गए। वहां से चालक व बाइक सावर को लेकर डोरंडा थाना पहुंचे। डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश डोरंडा में अधिवक्ता और बाइक सवार युवक के बीच हुए विवाद का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष ऋतु कुमार, महासचिव नवीन कुमार और स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन राजेन्द्र कृष्णा ने चीफ जस्टिस की अदालत को पूरे मामले की जानकारी दी। उनकी ओर से अदालत को बताया गया कि इस मामले में अधिवक्ता और बाइक सवार की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है। अदालत ने राज्य के महाधिवक्ता को कार सवार अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अदालत ने मौखिक कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, इसलिए इस मामले में पुलिस-प्रशासन से बात करें।


