जयपुर में 20 और 22 फरवरी को जलमहल के ऊपर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम एयर शो करेगी। यह शो दोपहर के समय आयोजित होगा, जिसमें नौ हॉक Mk-132 जेट विमान एक साथ आसमान में करतब दिखाएंगे। शहर में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस इवेंट में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
सेना के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया- सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम को भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधि दल माना जाता है। लाल और सफेद रंग के जेट विमानों में उड़ान भरने वाली यह टीम लूप, बैरल रोल, उलटी उड़ान और ‘डीएनए’ जैसी विशेष संरचनाएं बनाकर प्रदर्शन करती है। यह टीम एशिया की एकमात्र नौ-विमान एरोबैटिक टीम है और अब तक 800 से अधिक शो कर चुकी है। चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में भी टीम ने एयर शो में हिस्सा लिया है।
1996 में बनी टीम, 14 पायलट शामिल
भारतीय वायुसेना की इस टीम की स्थापना साल 1996 में हुई थी। टीम में कुल 14 पायलट हैं। टीम लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी हैं, जबकि डेप्यूटी लीडर विंग कमांडर तेजेश्वर सिंह हैं। अन्य पायलटों में विंग कमांडर जसदीप सिंह, स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ, स्क्वाड्रन लीडर विष्णु, स्क्वाड्रन लीडर दिवाकर शर्मा, स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल, स्क्वाड्रन लीडर एडवर्ड प्रिंस, स्क्वाड्रन लीडर ललित वर्मा और विंग कमांडर राजेश काजला शामिल हैं। तकनीकी टीम का नेतृत्व विंग कमांडर अभिमन्यु त्यागी, विंग कमांडर संदीप धायल और फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनील शर्मा कर रहे हैं। टीम के कमेंटेटर और प्रशासक फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू हैं।
टीम के तीन पायलट जयपुर से हैं, जिनमें विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह शामिल हैं।
आसमान में दिखेगा तिरंगे का रंगीन धुआं
हाल ही में टीम के हॉक Mk-132 विमानों में रंगीन स्मोक पॉड्स लगाए गए हैं। यह सिस्टम देश में ही तैयार किया गया है। इसके जरिए एयर शो के दौरान आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़ा जा सकेगा। इससे प्रदर्शन और आकर्षक होगा और लोगों को तिरंगे के रंगों की झलक भी देखने को मिलेगी।
इस टीम का आदर्श वाक्य “सदैव सर्वोत्कृष्ट” है। पायलट लंबे और कठिन प्रशिक्षण से गुजरते हैं ताकि बेहद कम दूरी पर एक साथ उड़ान भरते हुए सुरक्षित और सटीक प्रदर्शन कर सकें। जयपुर में होने वाला यह एयर शो शहरवासियों के लिए खास आकर्षण रहेगा।


