राजधानी में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर 36 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में 2 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश सहित कई धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच कर रही है। ऐसे रची गई ठगी की साजिश
पीड़ित धनंजय नंद ने पुलिस को बताया कि, आरोपी राहुल बनिक और राजेश शर्मा ने देवपुरी स्थित जमीन को अपनी बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन का सौदा तय किया। भरोसा दिलाकर कुल 36 लाख रुपए अलग-अलग तारीखों में चेक और नकद के जरिए ले लिए। बाद में जब जमीन की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई तो सामने आया कि वह जमीन आरोपियों की नहीं थी और दस्तावेज भी जाली थे। धमकी देकर दबाव बनाने का आरोप
ठगी का खुलासा होने पर पीड़ित ने जब अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने धमकी देना शुरू कर दिया। आरोप है कि दबाव बनाकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की गई और जान से मारने की धमकी तक दी गई। शिकायत में बताया गया कि दबाव के बाद आरोपियों ने सिर्फ 8 लाख रुपए चार किश्तों में लौटाए, जबकि 28 लाख रुपए अब भी बकाया हैं। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


