शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र में दो महिलाओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में मारपीट करती दिख रही महिलाएं नंदू राठौर की पत्नी और उसकी कथित प्रेमिका बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 फरवरी की दोपहर की बताई जा रही है। आरती प्रजापति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अपनी प्राथमिकी में आरती ने बताया कि 16 फरवरी की सुबह वह गोपाल आटा चक्की पर खड़ी थी, तभी नंदू राठौर ने उसके साथ मारपीट की। आरती की शिकायत पर पुलिस ने नंदू राठौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला पर कार में तोड़फोड़ का आरोप
वहीं, नंदू राठौर का कहना है कि आरती प्रजापति उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रही है। नंदू के अनुसार, आरती पहले भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा चुकी है। नंदू का आरोप है कि 16 फरवरी को आरती ने उसके घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की और बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की। दूसरी ओर, आरती प्रजापति का आरोप है कि नंदू राठौर ने उसे बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसाया और पत्नी की तरह अपने साथ रखा। इस दौरान उसने कई बार आरती से पैसे लिए, जिनसे एक कार खरीदी गई। अब वह न तो उसे अपने साथ रख रहा है और न ही पैसे वापस लौटा रहा है। आरती का यह भी दावा है कि उसकी एक बच्ची है, जिसके पिता नंदू राठौर हैं।


