चूरू में एलिवेटेड रोड पर सांसद कस्वां का पलटवार:कहा- यह मेरे प्रयासों का परिणाम, भाजपा ले रही श्रेय

चूरू में एलिवेटेड रोड के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है। सांसद राहुल कस्वां ने मंगलवार शाम कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस में भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि एलिवेटेड रोड उनके लगातार प्रयासों और संघर्ष का परिणाम है, जबकि भाजपा इसका श्रेय ले रही है। सांसद कस्वां ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस मुद्दे पर कोई हंगामा या सार्वजनिक रैली नहीं की। इसके बजाय, उन्होंने सिस्टम के तहत अधिकारियों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री से सीधे मिलकर चूरू की इस महत्वपूर्ण जरूरत को मजबूती से रखा।
कस्वां ने मांग की कि एलिवेटेड रोड को पंखा सर्किल रोड से भी जोड़ा जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को स्थायी समाधान मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि वह विकास और रचनात्मक राजनीति में विश्वास रखते हैं, यही कारण है कि जनता ने उन्हें तीसरी बार सांसद बनाया है। गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा विधायक हरलाल सहारण ने इस घोषणा का श्रेय मुख्यमंत्री से जुड़ा बताया था। उन्होंने सांसद पर व्हाट्सएप के जरिए श्रेय लेने का आरोप भी लगाया था, जिसके बाद से एलिवेटेड रोड का मुद्दा अब सियासत का केंद्र बन गया है।
राजनीतिक तंज कसते हुए सांसद कस्वां ने कहा कि हनुमानगढ़ में 2 एलिवेटेड रोड की घोषणा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनके आग्रह पर की थी, जिनमें से राजगढ़ की डीपीआर तैयार है। उन्होंने सवाल उठाया कि चूरू की डीपीआर लंबित क्यों रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *