सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने बुधवार को देवसर तहसील के उज्जैनी, बड़ोखर और बरगवा तहसीलदार न्यायालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा सहित अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। कई प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी नायब तहसीलदार बरगवा नागेश्वर पनिका और प्रभारी नायब तहसीलदार बड़ोखर दिनेश कुमार पनिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इन अधिकारियों को तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही पर पटवारी को निलंबित करने के निर्देश इसके अतिरिक्त, राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में पटवारी हल्का देवरा अजमेर सिंह को निलंबित करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रारंभिक सुनवाई नियमित रूप से की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्रकरणों में पटवारियों की ओर से अभी तक प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है, उनके लिए विशेष बैठकें आयोजित कर समय-सीमा में रिपोर्ट सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर बोले- समय पर निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में रिपोर्ट या निराकरण न होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।


