डीडवाना जिले में न्यायिक और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने जिला एवं सेशन न्यायालय सहित अन्य न्यायालयों के लिए आवंटित भूमि का पट्टा जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा को सौंपा। जिला प्रशासन के निर्देश पर सरकारी ऑफिसों के लिए भूमि आवंटन और पट्टा जारी करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, जिससे जिले में विकास कार्यों को गति मिल रही है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि आमजन से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डीडवाना तहसील के मौजा मंडाबासनी में न्यायालय परिसर के लिए भूमि आवंटित की गई है। प्रशासन के अनुसार खसरा संख्या 1501/1388 की कुल 4.30 हेक्टेयर भूमि में से 2.75 हेक्टेयर भूमि विधि एवं विधिक कार्य विभाग को दी गई है। यह भूमि जिला व सेशन न्यायालय, विशिष्ट सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय सहित अन्य न्यायालय भवनों के निर्माण के लिए है। पट्टा जारी होने के बाद अब इन न्यायालय भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल न्यायिक ढांचे का विस्तार होगा, बल्कि आमजन को मिलने वाली सेवाएं भी अधिक व्यवस्थित और सुलभ बनेंगी। भूमि आवंटन की इस तेज प्रक्रिया से जिले में अन्य राजकीय परियोजनाओं को भी गति मिलने की उम्मीद है।


