लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज कोटा दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में बनाए गए विशेष यातायात जागरूकता पार्क, ट्रैफिक गार्डन का उद्घाटन किया। इस अनूठी पहल के तहत अब ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को चालान भरने से पहले ट्रैफिक नियमों की पाठशाला में जाना होगा और नियमों का पालन करने की शपथ भी लेनी होगी। उद्घाटन कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त, कोटा रेंज आईजी, जिला कलेक्टर सहित शहर और ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर ओम बिरला ने पुलिस कंट्रोल रूम में सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों से संवाद किया। लोकसभा अध्यक्ष एवं बिरला ने कहा कि संवाद से विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। बिरला ने समाज से नशा, सट्टा और अपराध के खिलाफ सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए सामुदायिक भागीदारी को सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया। यातायात जागरूकता पार्क के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यहां आमजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बिरला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने आधुनिक संसाधनों से लैस इस यूनिट को कानून व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित पुलिस प्रशासन की उच्च स्तरीय बैठक को भी संबोधित किया गया, जिसमें यातायात प्रबंधन और दुर्घटना नियंत्रण पर विस्तृत चर्चा भी की गई।


