अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के धनेटा गांव स्थित रेनवो फार्म हाउस में मंगलवार देर शाम कंपनी के 40 बीघा के प्रोजेक्ट पर कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हॉस्पिटल पहुंचाने वाले फारूक के अनुसार, जहां कंपनी का प्रोजेक्ट चल रहा है वहां से 11 हजार केवी की विद्युत लाइन गुजर रही है। सचिन और यूसुफ फ्लैग पाइप निकाल रहे थे, तभी लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की तार से छू गया, जिससे दोनों को करंट लगा। हादसे में असिस्टेंट मैनेजर सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि मृतक के भाई सुरेंद्र ने थाने में फारूक, हक्का, लखेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों द्वारा पहले से जान-माल की धमकी दी जा रही थी, जिसकी सूचना 5 फरवरी को नौगांवा थाने में दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि प्रोजेक्ट स्थल के पास आरोपियों द्वारा बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा था, जिसमें गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितताओं का सचिन ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर पिछले एक सप्ताह से उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे आरोपियों ने मिलकर कार्यस्थल पर सचिन की हत्या कर दी। मृतक सचिन उत्तर प्रदेश के ऊन कस्बा, जिला शामली का निवासी था और पिछले छह माह से धनेटा गांव स्थित रेनवो कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। नौगांवा थाने के एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।


