बारां जिले के अंता के पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा मंगलवार शाम को झालावाड़ जेल में फिर से लौटै। वे स्वास्थ्य कारणों से मिली 20 दिन की पैरोल अवधि पूरी होने के बाद जेल लौटे हैं। उन्हें तीन साल की सजा सुनाई गई थी। मीणा को स्वास्थ्य कारणों के चलते नियमानुसार 20 दिन की पैरोल मिली थी। अवधि समाप्त होने पर वे अपने निवास अकलेरा से झालावाड़ पहुंचे और मंगलवार शाम को जेल में प्रवेश किया। कंवरलाल मीणा को सरपंच चुनाव के दौरान एसडीएम पर पिस्तौल तानने के मामले में तीन साल की सजा मिली है। इस मामले में सजा बरकरार रहने पर उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया था। पैरोल पर बाहर आने के बाद पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा ने कामखेड़ा बालाजी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना की थी। राजस्थान की राजनीति में चर्चित रहे कंवरलाल मीणा पहले झालावाड़ जिले के मनोहरथाना से विधायक रह चुके हैं। बाद में उन्हें बारां जिले की अंता सीट से चुनाव लड़ाया गया, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता प्रमोद जैन भाया को हराया था। हालांकि, पुराने मामलों के चलते उन्हें विधायक पद से भी हाथ धोना पड़ा और तीन साल की सजा हुई। वे वर्तमान में झालावाड़ जेल में अपनी सजा काट रहे हैं।


