मानादेई में बिना अनुमति लगा स्वास्थ्य शिविर बंद, यूनिट जब्त:स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपोलो फाउंडेशन का वाहन और उपकरण जब्त किए

मंडला जिले के मानादेई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर अपोलो टेलीमेडिसिन नेटवर्किंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर को बंद करा दिया। विभाग ने यह कार्रवाई शिविर संचालन के लिए आवश्यक वैध अनुमति और दस्तावेजों के अभाव में की है। सीएसआर पहल के तहत चल रहा था शिविर यह शिविर अपोलो टेलीमेडिसिन नेटवर्किंग फाउंडेशन द्वारा सीएसआर पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया था। शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों के रक्तचाप (बीपी) और शुगर की निःशुल्क जांच करना था। जैसे ही इस शिविर की जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को मिली, उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। पुराना अनुमति पत्र दिखाया सूचना मिलते ही जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) डॉ. डी.के. मरकाम के नेतृत्व में एक विशेष टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान अधिकारियों ने आयोजकों से वर्तमान शिविर की अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे। इस पर आयोजकों ने वर्ष 2024 का एक पुराना अनुमति पत्र प्रस्तुत किया, जो वर्तमान समय में प्रभावी नहीं था। हालांकि टीम के पहुंचने तक वहां कोई मरीज नहीं मिला, लेकिन मौके पर पूरी मोबाइल मेडिकल यूनिट और जांच उपकरण थे। वाहन जब्त, सख्त कार्रवाई की चेतावनी डीएचओ डॉ. डी.के. मरकाम ने बताया कि वैध अनुमति पत्र न होने के कारण शिविर को बंद करवा दिया गया है। साथ ही, मौके पर मौजूद मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। डॉ. मरकाम ने स्पष्ट किया है कि जब तक संस्था द्वारा वर्तमान अवधि के वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाते, तब तक वाहन को नहीं छोड़ा जाएगा। यदि दस्तावेज पेश नहीं किए जाते, तो नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *