करौली जिले के हिंडौन उपखंड स्थित पुरानी वस्ती चिनायटा में अवैध शराब की दुकान के संचालन को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध शराब की दुकान गांव के बीचों-बीच खुलेआम चलाई जा रही है, जो सुबह से देर रात तक खुली रहती है। इससे स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय शराबियों द्वारा शोर-शराबा, गाली-गलौच और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। इसके साथ ही चोरी जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने जनहित में इस अवैध दुकान को तुरंत हटाने की मांग की है, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


