रोपड़ जिले के श्री आनंदपुर साहिब पुलिस ने नैना देवी रोड स्थित एक होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को मुक्त कराया और होटल संचालक को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी थाना प्रभारी दानिश वीर सिंह ने दी। बता दे कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी इस दौरान उन्हे ‘शेरे पंजाब’ होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल छापेमारी की कार्रवाई की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं मौके से होटल संचालक गुरमुख सिंह निवासी चहड़ माजरा को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी होटल संचालक के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने आरोपी गुरमुख सिंह के खिलाफ मुकदमा संख्या 32, दिनांक 17 फरवरी के तहत अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ दानिश वीर सिंह ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब एक पवित्र धार्मिक नगरी है और यहां किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की लोगों से अपील उन्होंने नागरिकों से ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


