हरदा में वेयरहाउस से मूंग चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 5.5 क्विंटल मूंग और एक CCTV कैमरा किया जब्त

जिले की रहटगांव पुलिस ने वेयरहाउस से मूंग चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई 5.5 क्विंटल मूंग, एक सीसीटीवी कैमरा और चोरी में इस्तेमाल की गई आरी बरामद की गई है।यह चोरी 16 फरवरी 2026 को धनगांव स्थित एक वेयरहाउस में हुई थी। एसडीओपी आकांक्षा तलया ने बताया कि फरियादी आदित्य पंचारिया ने 17 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना दी कि 16 फरवरी की शाम को वह अपना काम खत्म कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह चौकीदार द्वारका प्रसाद ने उन्हें बताया कि वेयरहाउस के पीछे की जाली काटकर अज्ञात व्यक्ति मूंग की बोरियां चुरा ले गए हैं। मौके पर पहुंचने पर आदित्य ने देखा कि जाली कटी हुई थी और वेयरहाउस से 11 बोरियां कम थीं।जांच के दौरान यह भी पता चला कि वेयरहाउस में लगा सीसीटीवी कैमरा भी गायब था। चोरी की गई मूंग का कुल वजन 5 क्विंटल 50 किलो था, जिसकी अनुमानित कीमत 47,300 रुपये बताई गई। यह मूंग रहटगांव समिति द्वारा खरीदी गई थी और जूट की बोरियों में पैक थी।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम गठित की।जांच के दौरान वीरू राठौर नामक व्यक्ति से सूचना मिली कि दो संदिग्ध लोग उसकी दुकान पर मूंग बेचने आए हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिनेश चौहान (25) निवासी डोंग और सुखराम काजले (24) निवासी डोंग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वेयरहाउस से 11 कट्टी मूंग और सीसीटीवी कैमरा चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने चोरी में इस्तेमाल की गई लोहे की आरी भी गेहूं के खेत से बरामद करवाई। आरोपियों ने थाना रहटगांव के तहत टेमागांव स्थित एक अन्य वेयरहाउस से भी मूंग चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *