खुशखेड़ा में पटाखा फैक्ट्री आगजनी पर कांग्रेस का प्रदर्शन:मृतकों के परिवार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग;उच्चस्तरीय जांच हो

भिवाड़ी के खुशखेड़ा क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके और आगजनी की घटना के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट/सचिवालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जब कोई अधिकारी ज्ञापन लेने के लिए बाहर नहीं आया तो कांग्रेस कार्यकर्ता सचिवालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे बाद एडीएम बीना महावर को उनके चैंबर में जाकर ज्ञापन सौंपा गया और कार्रवाई की मांग की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। अधिकारी बाहर क्यों नहीं आ रहे हैं? यह कहकर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय के अंदर ही धरना शुरू कर दिया। अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष एमडी शाहुन ने कहा कि खुशखेड़ा स्थित पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से कई श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह अत्यंत दुखद और चिंताजनक घटना है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की— 1.मृतकों के परिजनों को न्यूनतम 50 लाख रुपये (या उचित राशि) का मुआवजा दिया जाए। 2.गंभीर घायलों को 10 लाख रुपये (या उचित राशि) की आर्थिक सहायता दी जाए। 3.सभी घायलों का निःशुल्क व समुचित उपचार सरकारी खर्च पर सुनिश्चित किया जाए। 4.घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। 5.लापरवाही या मिलीभगत के दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई की जाए। 6.जांच रिपोर्ट अधिकतम 10 दिन में सार्वजनिक की जाए। 7.मृतकों के आश्रितों को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता दी जाए

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *