साइबर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने इन्वेस्टमेंट और इंश्योरेंस के नाम पर एक व्यक्ति से करीब सवा करोड़ रुपये की ठगी की थी। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी संसाधनों और साइंटिफिक इन्वेस्टिगेशन की मदद से पुलिस आरोपी के ठिकाने तक पहुँचने में कामयाब रही। पुलिस ने पंकज (20) पुत्र संजय कुमार यादव निवासी कुंभकोट, थाना सुकेत, जिला कोटा ग्रामीण (हाल निवासी रामचंद्रपुरा, कोटा शहर) को गिरफ्तार किया। यह है मामला परिवादी सज्जन सिंह को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसाया था। ठगों ने उन्हें निवेश (Investment) और इंश्योरेंस में पैसा लगाने पर भारी मुनाफे का लालच दिया। झांसे में आकर परिवादी ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1,24,03,780 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में मामला दर्ज कराया। साइबर क्राइम थानाधिकारी गोपाल लाल ने बताया कि आरोपी को कोटा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपी पंकज से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की गई राशि की बरामदगी के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।


