पाकुड़ बना 19वीं झारखंड राज्य कबड्डी चैंपियन:जामताड़ा में कोडरमा को हराकर जीता खिताब, झारखंड टीम के खिलाड़ियों का भी हुआ चयन

जामताड़ा में 19वीं झारखंड राज्य पुरुष सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पाकुड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोडरमा को 8 अंकों से पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। पाकुड़ ने 48 अंक अर्जित किए, जबकि कोडरमा की टीम 40 अंकों पर सिमट गई। इस प्रतियोगिता में धनबाद की टीम तीसरे स्थान पर रही, जबकि बोकारो को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। विजेता एवं उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि जामताड़ा जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, झारखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह और अन्य अतिथियों ने ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से झारखंड टीम के खिलाड़ियों का भी चयन किया गया। ये चयनित खिलाड़ी बड़ोदरा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य अतिथि सह जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने इस अवसर पर कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा रही है, साथ ही सीनियर खिलाड़ियों को पेंशन की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और स्टेडियम सहित बोर्डिंग सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। उच्च स्तर की प्रतियोगिता का सफल आयोजन गर्व की बात: विपिन कुमार सिंह झारखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल के बावजूद जामताड़ा में इतने उच्च स्तर की प्रतियोगिता का सफल आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिला प्रशासन, जामताड़ा कबड्डी एसोसिएशन और झारखंड कबड्डी एसोसिएशन के सहयोग को दिया। विजेता टीम के कप्तान अनुराग गोस्वामी ने कहा कि टीम लंबे समय से इस प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थी और जीत का श्रेय पूरी टीम की मेहनत को जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय स्तर पर भी झारखंड की टीम शानदार प्रदर्शन करेगी और राज्य का नाम रोशन करेगी। साथ ही जामताड़ा में उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की सराहना की। दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस उत्साह और कौशल का प्रदर्शन किया, उससे स्पष्ट है कि झारखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह संकेत दिया है कि आने वाले समय में झारखंड राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पदक हासिल कर सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *