पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत सवाई माधोपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक बुक तैयार की गई है। इसे बुक को कॉफी टेबल बुक ‘री-डिस्कवरिंग रणथंभौर, सवाई माधोपुर’ नाम दिया गया है। इसकी एक कॉपी जिला कलेक्टर काना राम ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें प्रदान की। जिले की संपूर्ण जानकारी एक बुक में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में तैयार इस पुस्तक में सवाई माधोपुर के इतिहास, लोकसंस्कृति, वन्यजीवन, प्राकृतिक सौंदर्य, कला, हस्तकला एवं पर्यटन संभावनाओं का सजीव एवं आकर्षक चित्रण किया गया है। इसमें रणथंभौर सहित जिले के प्रमुख किलों, मंदिरों, बावड़ियों एवं अन्य ऐतिहासिक धरोहरों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित किया गया है। पुस्तक में स्थानीय पारंपरिक हस्तकलाओं को भी विशेष स्थान दिया गया है, जो न केवल स्थानीय आजीविका का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, बल्कि पर्यटन को भी नई पहचान प्रदान करती हैं। साथ ही वन्यजीवन एवं जैव-विविधता से संबंधित दुर्लभ दृश्य पुस्तक की विशेषता हैं। इस कॉफी टेबल बुक के चित्र एवं आलेख का संकलन डॉ. धर्मेंद्र खांडल एवं प्रवीण सिंह द्वारा किया गया है। पुस्तक के संकलन एवं प्रकाशन में जिला कलक्टर काना राम तथा पर्यटन विभाग के उप निदेशक मधुसूदन जाड़ावत का विशेष योगदान रहा है। यह प्रकाशन सवाई माधोपुर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने तथा पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


