प्रतापगढ़ में जिला कलेक्टर ने शहर में किया औचक निरीक्षण:नगर परिषद में गंदगी देखकर कर्मचारियों को लगाई फटकार, अवैध कब्जों और कचरा हटवाने के दिए निर्देश

प्रतापगढ़ जिला प्रशासन ने “ऑपरेशन चंगुल” के तहत शहर में अवैध कब्जों और अनियमितताओं पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने एमजी रोड और गोपालगंज क्षेत्र में विभिन्न जगहों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक कॉम्प्लेक्स में गंदगी को लेकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने मौके पर मौजूद तहसीलदार, प्रतापगढ़ को निर्देश दिए कि संबंधित पक्षों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर नियमानुसार परीक्षण किया जाए। विवादित दुकानों के संबंध में मालिकाना हक या वैध किरायेदारी से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज के किसी भी प्रकार का कब्जा स्वीकार्य नहीं होगा और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए दोहराया कि प्रशासन अवैध कब्जों और अनियमितताओं के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रहा है। इसी क्रम में, आमजन से मिली शिकायतों के आधार पर चिमन सोमानी कॉम्प्लेक्स, नगर परिषद क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। परिसर में गंदगी का अंबार देखकर जिला कलेक्टर ने नगर परिषद के संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल नेम-बोर्ड हटाने, शौचालयों की सफाई करवाने, कचरा हटवाने और कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट को सील करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि सार्वजनिक जगहों पर गंदगी से बीमारियों का खतरा बढ़ता है, इसलिए स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *