सिरोही के सारणेश्वर मंदिर स्थित धर्मशाला में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति बताया और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारने के उनके समर्पण की सराहना की। डॉ. भंडारी ने आगामी पंचायतराज और नगर निकाय चुनावों के लिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्रीय और राज्य बजट में घोषित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि राज्य बजट 2026-27 दस मजबूत स्तंभों पर आधारित है। इनमें अवसंरचना का विस्तार, नागरिक सुविधाओं से गुणवत्तापूर्ण जीवन स्तर में वृद्धि, औद्योगिक विकास एवं निवेश को प्रोत्साहन, मानव संसाधन का सशक्तीकरण, सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा प्रणाली, पर्यटन, कला एवं सांस्कृतिक धरोहर, सुशासन एवं डिजिटल परिवर्तन और कृषि विकास एवं किसानों का कल्याण शामिल हैं। जिलाध्यक्ष भंडारी ने वीबी जी राम जी कानून का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस कानून से गांवों में स्थायी कार्य हो सकेंगे और ग्रामीणों का आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण होगा। उन्होंने कांग्रेस पर इस कानून के प्रावधानों को लेकर झूठ की राजनीति करने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया, जबकि इस वर्ष के राज्य बजट में इसके लिए 4 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। डॉ. भंडारी ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के इन आरोपों का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौर और नरपतसिंह राणावत ने किया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि बैठक में भाजपा पदाधिकारियों ने आगामी पंचायत व नगर निकाय चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।


