शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड इलाके में आज दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब ढाई तोले सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। जैन मंदिर के पास हुई वारदात, एक ने पहना था हेलमेट जानकारी के अनुसार, पीड़िता देवबाला सेवक पत्नी जयप्रकाश सेवक निवासी हाउसिंग बोर्ड, अपनी बहू और पड़ोस में रहने वाली सुनीता जैन के साथ बैंक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान हाउसिंग बोर्ड रोड पर जैन मंदिर के पास पीछे से एक बाइक पर दो नकाबपोश युवक आए। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था। बदमाशों ने महिला को किसी नुकीली वस्तु (कांटे) चुभने जेसा अहसास कराया और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन तोड़ ली। वारदात को अंजाम देकर आरोपी तेज रफ्तार बाइक से रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने की नाकाबंदी, सीसीटीवी खंगाल रही टीम घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी बुधराम बिश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली और पूरे शहर में नाकाबंदी करवाई गई है। अन्य थानों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पीड़िता देवबाला ने कोतवाली थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल है।


