राजनांदगांव शहर में बढ़ते यातायात दबाव और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब दिन के समय शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर कड़ा प्रतिबंध लगा दिया गया है। सुबह 09:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक भारी वाहनों को शहर के मुख्य मार्गों के बजाय बायपास की ओर मोड़ा जा रहा है। विशेष रूप से सीआईटी बायपास और ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा से डायवर्जन किया जा रहा है। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर यह व्यवस्था अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में लागू की गई है। यह निर्णय शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी के कारण लिया गया है। पेण्ड्री, राजइम्पीरियल चौक, आर.के. नगर चौक, बीजेपी कार्यालय तिराहा और रामदरबार चौक जैसे प्रमुख क्षेत्रों में यातायात का भारी दबाव रहता है। सुबह और शाम के समय दफ्तरों, स्कूलों और दैनिक कार्यों के लिए सड़कों पर भीड़ अधिक होती है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस डायवर्जन से आम नागरिकों को जाम से बचाने और सुरक्षित सफर मुहैया कराने में मदद मिलेगी। यातायात पुलिस ने बताया, शहर की सुरक्षा और सुचारू यातायात हमारी प्राथमिकता है। सीआईटी कट चौक और ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा पर जवानों की तैनाती कर दी गई है और संकेत बोर्ड (फ्लेक्स) भी लगाए गए हैं ताकि चालकों को सुविधा हो। पुलिस प्रशासन ने भारी वाहन मालिकों और चालकों से सहयोग की अपील की है। उन्हें सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक शहर के भीतर प्रवेश न करने और आवागमन के लिए अनिवार्य रूप से ट्रांसपोर्ट नगर और सीआईटी अनंत पैलेस चौक से बायपास मार्ग का ही चयन करने का निर्देश दिया गया है। इस पहल से गंज लाइन, जयस्तंभ चौक और कामठी लाइन जैसे क्षेत्रों में बड़े ट्रकों के कारण लगने वाले जाम से भी शहर को निजात मिलने की उम्मीद है।


