रेलवे प्रशासन ने बाबा रामदेव के जातरूओं की सुविधा के लिए 19 फरवरी को जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह स्पेशल ट्रेन एक दिन के लिए गुरुवार को ही संचालित की जाएगी, जिससे बाबा रामदेव के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सुगम सफर की सुविधा मिलेगी। तय कार्यक्रम के अनुसार गाड़ी संख्या 04867 (जोधपुर-रामदेवरा) 19 फरवरी को सुबह 9:30 बजे जोधपुर स्टेशन से रवाना होगी और दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04868 (रामदेवरा-भगत की कोठी) इसी दिन दोपहर 2 बजे रामदेवरा से रवाना होगी और शाम 5:30 बजे भगत की कोठी स्टेशन पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव यह ट्रेन जोधपुर मंडल के इस रूट के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें जोधपुर, राईकाबाग, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशन पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में कुल 11 डिब्बे लगाए जाएंगे। इसमें 9 जनरल श्रेणी के डिब्बे और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। साधारण श्रेणी के अधिक कोच होने से कम दूरी के यात्रियों को टिकट लेने और यात्रा करने में आसानी होगी।


