बरखेड़ा नदी पुल पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। करौली कोतवाली एएसआई बृजराज शर्मा ने बताया कि एफआईआर के अनुसार झील का हार तीन बड़ निवासी धर्मसिंह उर्फ छुट्टन लोधा (34) मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पड़ोसी के दाह संस्कार में शामिल होने बरखेड़ा नदी श्मशान जा रहा था। इसी दौरान गदका चौकी (गंगापुर) की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से घायल होकर वह सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही क्षण बाद एक तेज रफ्तार टेंपो घायल धर्मसिंह के ऊपर से गुजर गया और मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में घायल धर्मसिंह को सामान्य चिकित्सालय करौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक 14 वर्षीय पुत्र गौरव, 11 वर्षीय पुत्री प्रियांशी, छोटी पुत्री अनुष्का, पत्नी गायत्री और वृद्ध माता-पिता की जिम्मेदारी उठा रहा था।


