बरनाला जिले में एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बता दे कि यह घटना बरनाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। पुलिस स्टेशन धनौला के एसएचओ लखवीर सिंह ने बताया कि हरमनदीप सिंह निवासी संगरूर के बयान पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हरमनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन पल्लवी और मां करमजीत कौर के साथ बढ़वार की ओर जा रहे थे। उनकी मां करमजीत कौर अलग स्कूटी पर थीं। नेशनल हाईवे बरनाला-संगरूर के पास पहुंचने पर, पीछे से आ रही एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ड्राइवर ने लापरवाही से उनकी मां की स्कूटी को टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित टक्कर लगने से करमजीत कौर स्कूटी सहित सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार के सदस्यों ने उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल धनौला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


