सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ सीनियर महिला टीम ने नया इतिहास रच दिया है। BCCI की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ ने अपना 7वां और आखिरी लीग मुकाबला बड़ोदरा में बंगाल के खिलाफ खेला और 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने लगातार सभी 7 लीग मैच जीतते हुए पहली बार क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद छत्तीसगढ़ महिला टीम अब 22 फरवरी 2026 को क्वार्टर फाइनल में मुंबई से मुकाबला करेगी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल 197 रन पर सिमटी छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल की टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 197 रन बनाए। बंगाल की ओर से मीता पॉल ने शानदार 76 रन की पारी खेली। उनके अलावा टी. सरकार ने 34 रन, सजता डे ने 24 रन और प्रतीवा ने 21 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की गेंदबाजी में महक नरवसे ने 3 विकेट लिए, जबकि प्रीति यादव और श्रेया श्रीवास ने 2-2 विकेट झटके। कप्तान कृति गुप्ता की नाबाद पारी से आसान जीत 198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम ने 48.3 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान कृति गुप्ता ने नाबाद 54 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। महक नरवसे ने 42 रन बनाए, शिल्पा साहू ने 26 रन और कुमुद साहू ने 22 रन जोड़े। बंगाल की ओर से बिदिशा डे को 2 विकेट मिले। महक नरवसे बनीं प्लेयर ऑफ द मैच ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए महक नरवसे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 42 रन बनाने के साथ-साथ 3 अहम विकेट भी हासिल किए। पॉइंट्स टेबल में छत्तीसगढ़ टॉप पर पॉइंट्स टेबल के अनुसार, एलीट ग्रुप-बी में छत्तीसगढ़ ने 7 मैच खेले और सभी 7 मुकाबले जीतकर 28 अंक हासिल किए। टीम का नेट रन रेट पॉजिटिव रहा और छत्तीसगढ़ ग्रुप में पहले स्थान पर रहा। राजस्थान 24 अंकों के साथ दूसरे, बंगाल 20 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। अरुणाचल प्रदेश एक भी मैच नहीं जीत सका और अंतिम स्थान पर रहा।


