सिवनी जिले के डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। नगझर बाईपास के पास जंगल में ग्रामीणों ने शव को देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जंगल से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर जब पेड़ पर पड़ी, तो उन्होंने एक व्यक्ति को गमछे के फंदे से लटका हुआ पाया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चेन सिंह उइके पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी बाकी मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या का। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास मृतक के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे डूंडा सिवनी थाने में सूचित करें।


