सलूंबर में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की समीक्षा बैठक:कलेक्टर बोले- सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर लाभार्थियों तक पहुंचाएं

सलूंबर में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने की। इसमें जिले के ऋण-जमा अनुपात, विकासात्मक मानकों और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों तक सेवाएं पहुंचाने की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, बैंकों द्वारा प्राथमिकता क्षेत्र जैसे कृषि, उद्योग, महिला स्वावलंबन, शिक्षा और स्वरोजगार को दिए जा रहे ऋण की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया। जिला कलेक्टर ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि वे लक्ष्यानुसार कार्य करें और योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने बैंकर्स को यह भी निर्देशित किया कि सरकारी प्रायोजित ऋण आवेदनों का संवेदनशीलता और सहानुभूतिपूर्वक मूल्यांकन करते हुए उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र आवेदकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को भी सरकार प्रायोजित योजनाओं के ऋण आवेदनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *