मोनिका ज्वेलर्स चोरी का खुलासा, दो भाई गिरफ्तार:मुंगेली पुलिस ने 85 हजार का पेंडल, बाइक जब्त की

मुंगेली पुलिस ने मोनिका ज्वेलर्स में हुई सोने के पेंडल की चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों श्लोक कुमार पात्रे (22) और विवेक कुमार पात्रे (19) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 09.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 1.85 लाख रुपये है। 10 फरवरी को दुकान में हुई थी चोरी मोनिका ज्वेलर्स के मालिक सतीश कुमार सोनी (58) ने 11 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर सोने का पेंडल (मंगलसूत्र) खरीदने के बहाने आया था। पेंडल दिखाते समय उसने मौका पाकर उसे चुरा लिया और फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चोरी का खुलासा करने के लिए साइबर सेल और सिटी कोतवाली मुंगेली की एक संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो संदिग्ध युवक एक काले-लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर दुकान के सामने खड़े दिखे। एक व्यक्ति दुकान के बाहर मोटरसाइकिल पर बैठा था, जबकि दूसरा अंदर जाकर चोरी को अंजाम देकर फरार हो गया। आरोपी दोनों सगे भाई निकले सीसीटीवी फुटेज, शहर के हाई-टेक कैमरों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान ग्राम घोरबंधा, थाना लोरमी निवासी श्लोक कुमार पात्रे और विवेक कुमार पात्रे के रूप में हुई। दोनों सगे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घटना के समय मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 28 S 8197) की नंबर प्लेट हटा दी थी। आरोपियों ने चोरी किया गया 09.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल (कीमत लगभग 85,000 रुपये) मोटरसाइकिल की सीट के अंदर छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपियों को चोरी का माल बेचने ले जाते समय पकड़ा। उनके कब्जे से सोने का पेंडल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1,00,000 रुपये) जब्त की गई। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *