आगर मालवा एसपी कार्यालय में बुधवार को ‘सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर’ लगा। इसमें पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कई लंबित मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। विभिन्न थाना क्षेत्रों की शिकायतों का हुआ निपटारा शिविर के दौरान कुल 7 गंभीर शिकायतों को आपसी सहमति और विधिक प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाया गया। इसमें कोतवाली थाना क्षेत्र से तीन, नलखेड़ा थाना क्षेत्र से दो और बड़ौद थाना क्षेत्र से संबंधित एक शिकायत का मौके पर समाधान किया गया। इन सभी मामलों का निराकरण संबंधित अधिकारियों और शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति में सुनिश्चित किया गया, जिससे आवेदकों को बार-बार थाने के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली। एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश एसपी विनोद कुमार सिंह ने शिविर में आए फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की और उनकी समस्याओं को बारीकी से समझा। उन्होंने मौके पर मौजूद थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। एसपी ने कहा कि निराकरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों ने लंबित फाइलों का मौके पर ही अध्ययन कर निराकरण किया। वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित इस शिविर में एसडीओपी सुसनेर देवनारायण यादव और कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


