बालोतरा पुलिस ने पुणे पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में 1391 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है। इस कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग पौने तीन करोड़ रुपए है। महाराष्ट्र से राजस्थान तक सप्लाई नेटवर्क गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिराणी साईयों की ढाणी निवासी रतनलाल जाट के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रतनलाल लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ा था। उसका सप्लाई नेटवर्क महाराष्ट्र से राजस्थान तक फैला हुआ था। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक रमेश ने एक प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया था। दोनों राज्यों की पुलिस टीमों ने बेहतर समन्वय के साथ दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की तलाश की जारी पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुणे पुलिस आरोपी रतनलाल जाट को आगे की पूछताछ और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए अपने साथ ले गई है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।


