भोपाल शहर के निशातपुरा थाना क्षेत्र में घर के पोर्च में खड़ी महिंद्रा स्कॉर्पियो चोरी हो गया। मामला 12 फरवरी का है, लेकिन चार दिन तक पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी करती रही और बाद में 16 फरवरी को केस दर्ज किया गया। एफआईआर के अनुसार, पीड़ित शंभू प्रजापति (33), करोंद स्थित रतन कॉलोनी में कनक मैरिज गार्डन के पास रहते हैं। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे उन्होंने अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो (मॉडल 2024) क्रमांक एमपी04 जेडटी1749 को घर के पोर्च में खड़ा किया था और बाहर गेट पर ताला लगा दिया था। 12 फरवरी की तड़के करीब 3:30 बजे जब उनकी नींद खुली तो गाड़ी पोर्च से गायब मिली। चार दिन तक टालमटोल के बाद दर्ज हुई एफआईआर पीड़ित का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद थाने में सूचना देने के बावजूद पुलिस ने चार दिन तक मामला दर्ज करने में आनाकानी की। इसके बाद ये भी बताया गया कि गाड़ी सोनकच्छ नाका क्रॉस किया है और फास्टैग से 95 रुपए कटे हैं। इसके बाद भी कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही उस समय एफआईआर दर्ज करने से भी मना कर दिया गया। बाद में 16 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई। जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक (कार्यवाहक) दीपक गुरबानी को सौंपी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की पीड़ित ने जो स्क्रीन शॉट उपलब्ध कराया है। उसके अनुसार, 12 फरवरी 2026 को तड़के 3:48 बजे सोनकच्छ टोल प्लाजा पर उक्त वाहन के फास्टैग से 95 रुपए कटे। इससे स्पष्ट है कि चोरी के तुरंत बाद वाहन टोल नाके से गुजरा। इसके अलावा घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां दर्ज होने की बात कही जा रही है। तकनीकी साक्ष्य, टोल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज जैसे अहम सुराग उपलब्ध होने के बावजूद अब तक वाहन बरामद नहीं हो सका है और आरोपी अज्ञात हैं।


