भोपाल में दिखा रमजान का चांद, गुरुवार को पहला रोजा:चलीं पारंपरिक तोपें, लोगों ने दी मुबारकबाद; तरावीह शुरू, बाजारों में बढ़ी रौनक

भोपाल में रमजान की शुरुआत का ऐलान होते ही धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया। बुधवार शाम चांद नजर आने के बाद काजी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी ने माह-ए-रमजान की तस्दीक की। ऐलान के साथ ही कई इलाकों में पारंपरिक रूप से तोप (पटाखे) चलाए गए और लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। गुरुवार को पहला रोजा रखा जाएगा। मोती मस्जिद में अदा हुई रस्म
चांद देखने की रस्म मोती मस्जिद में अदा की गई। शहर काजी की मौजूदगी में रूअते हिलाल कमेटी ने चांद दिखने की पुष्टि की। उलेमाओं ने आपसी मशवरे के बाद रमजान की शुरुआत का औपचारिक ऐलान किया। चांद दिखाई देने के बाद शहर की मस्जिदों से माइक के जरिए जानकारी दी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया और फोन पर मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया।
शुरू हुई तरावीह
बुधवार रात से मस्जिदों में तरावीह की नमाज शुरू हो गई है। शहर की अलग-अलग मस्जिदों में 5 दिन से लेकर 27 दिन तक की तरावीह का आयोजन किया गया है। बाजारों में लौटी रौनक
काजी कैंप, बुधवारा, इतवारा, जहांगीराबाद और लक्ष्मी टॉकीज इलाके में देर रात तक चहल-पहल रही। लोगों ने किराना, सेवईं, खजूर और फलों की खरीदारी की। कारोबारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में बाजार और ज्यादा गुलजार रहेंगे। रमजान के आगाज के साथ शहर में इबादत, तिलावत और सखावत का सिलसिला शुरू हो गया है। मस्जिदों में नमाज और घरों में कुरआन की तिलावत से माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *