पठानकोट जिले में एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने पठानकोट के शाहपुर कंडी में एक सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। एनडीआरएफ टीम की इंस्पेक्टर अनुराधा ने बताया कि यह विशेष कार्यक्रम प्राकृतिक आपदाओं से कैसे निपटना है, इसके बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य लोगों को किसी भी आपातकालीन स्थिति का सामना करने के लिए जागरूक और तैयार करना है। पंजाब में आई बाढ़ के दौरान का किया उल्लेख इंस्पेक्टर अनुराधा ने पिछले साल पंजाब में आई बाढ़ के दौरान एनडीआरएफ टीम के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि टीम ने बाढ़ में फंसे लगभग 8 हजार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था। आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को आपदा प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी देना है।


