बीकानेर में युवाओं को हथियार रखने का शौक बढ़ गया है। पुलिस ने भी ऐसे युवकों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू कर दिया है। बीकानेर शहर में हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से दो देशी पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवक कावनी गांव के पास 25 जेएमडी का रहने वाला है। मुक्ता प्रसाद नगर थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- नाल थाना क्षेत्र के कावनी गांव में रहने वाला ओम सिंह उर्फ बाबू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। महज तीस साल के इस युवक के पास दो पिस्टल और एक कारतूस जब्त की गई। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थाने की एसआई रेणु बाला को सौंपी गई है। अब पुलिस ये जांच कर रही है कि ओम सिंह ने हथियार कहां से खरीदे हैं? जिस व्यक्ति से ओम सिंह ने हथियार खरीदे हैं, उसकी भी गिरफ्तारी हो सकती है। साथ ही और किन युवकों के पास हथियार है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। छोटे-मोटे झगड़े में ही हथियारों का उपयोग हो रहा है। ऐसे में पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए काम कर रही है। आईजी के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।


