सिवनी जिले की बंडोल थाना पुलिस ने सूदखोरी (ब्याजखोरी) के अवैध कारोबार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 27 लाख के वाहन और खेती की मशीनें बरामद की हैं। चौड़ा गांव के रहने वाले राजेश कुमार पाठक ने पुलिस में शिकायत की थी कि उन्होंने मारबोड़ी के ब्रजेश राजपूत और स्वदेश राजपूत से 10-10 लाख रुपए उधार लिए थे। राजेश का आरोप है कि ये दोनों उनसे पहले ही करीब 40 लाख रुपए वसूल चुके थे, लेकिन फिर भी मनमाना ब्याज जोड़कर 60 लाख रुपए और मांग रहे थे। पैसे न देने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और डरा-धमकार उनकी स्कॉर्पियो, दो ट्रैक्टर, वैगनआर कार और खेती के कई उपकरण छीन लिए थे। पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी शिकायत मिलते ही बंडोल पुलिस ने केस दर्ज किया और ग्राम मारबोड़ी में छापा मारकर ब्रजेश और स्वदेश राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो, ट्रैक्टर और अन्य सामान बरामद कर वापस पीड़ित को दिला दिया है। पुराना अपराधी है मुख्य आरोपी पकड़ा गया मुख्य आरोपी ब्रजेश राजपूत इलाके का नामी गुंडा और अंतर्राज्यीय अपराधी है। उसके खिलाफ सिवनी, छिंदवाड़ा और महाराष्ट्र के थानों में हत्या के प्रयास और लूट जैसे कुल 15 मामले दर्ज हैं। वह पहले जिला बदर भी किया जा चुका है। उसके भाई स्वदेश पर भी पहले से तीन केस दर्ज हैं। पुलिस की जनता से अपील पुलिस ने लोगों से कहा है कि अगर कोई भी सूदखोर उन्हें परेशान करे या अवैध वसूली की धमकी दे, तो डरे नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।


