अंबिकापुर के ग्राम परसा में चार दिनों से लापता युवक का शव खेत में पुराने कुएं में मिला है। युवक की गला काटकर हत्या की गई है और शव को घसीटते हुए कुएं में फेंका गया है। घटना की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात को ही शव को कुएं से निकलवाया एवं मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम परसा निवासी युवक मुन्ना राम चेरवा (40) चार दिनों से लापता था। परसा में 17 फरवरी को पंचायत चुनाव हुए थे। पंचायत चुनाव के दौरान युवक घर से बाहर निकला था एवं वापस घर नहीं पहुंचा। घरवाले उसकी तलाश कर रहे थे। बीती शाम उसका शव गांव के बाहर कुएं में मिलने की जानकारी मिली। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार की टीम मौके पर पहुंची। रात में निकलवाया शव, हत्या का जुर्म दर्ज
पुलिस ने रात को शव कुएं से निकलवाया। जिस कुएं में शव मिला है, उसका उपयोग ग्रामीण नहीं करते हैं। शव को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया है। युवक की गला रेंतकर हत्या की गई है। युवक के गला काटने के निशान मिले हैं। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। युवक का विवाद किनसे था, इसकी भी सूचना एकत्र की जा रही है। पंचायत चुनाव में विवाद की आशंका को देखते हुए इसकी भी पड़ताल की जा रही है। हत्या के बाद घसीटा शव
घटना स्थल पर शव को घसीटने के निशान मिले हैं। बताया गया है कि युवक की हत्या करीब 100 मीटर दूर की गई है। फिर शव को घसीटकर कुएं में फेंका गया है। आरोपियों की संख्या एक से अधिक भी हो सकती है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम आज कराया जाएगा।


