पेंड्रा में हाल ही में हुए नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। निर्दलीय प्रत्याशी राकेश जालान ने कांग्रेस प्रत्याशी पंकज तिवारी को 199 मतों से हरा दिया। हार के बाद पंकज तिवारी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखा है। उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण के अध्यक्ष विजय केशरवानी के नकारात्मक बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है। सीनियर कांग्रेस नेताओं ने दिया इस्तीफा तिवारी ने पत्र में बताया कि चुनाव के दौरान कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इनमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयदत्त तिवारी और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष इकबाल सिंह शामिल हैं। इन सभी ने निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। कांग्रेस को 4,967 वोट मिले पेंड्रा नगर पालिका में कुल 9,216 मतों में से कांग्रेस को 4,967 मत मिले। यह कुल मतों का लगभग 54 प्रतिशत है। तिवारी के अनुसार यह आंकड़ा पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों से भी ज्यादा है। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में पेंड्रा में कांग्रेस का माहौल अच्छा रहा। कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष पर आरोप तिवारी का आरोप है कि विजय केशरवानी के नकारात्मक बयानों से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर रहा है। साथ ही जनता में कांग्रेस की छवि खराब हो रही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से केशरवानी को ऐसे बयानों से रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्टी को नुकसान हो सकता है। तिवारी ने अपने पत्र के साथ चुनाव परिणामों की वार्ड वार जानकारी और इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों की सूची भी भेजी है।


